फिरोजाबाद के रामगढ़ के मोहल्ला जगजीवन नगर सैलई में भारतीय नकली मुद्रा छापने का कारोबार संचालित किया जा रहा था। इसका खुलासा एसओजी और रामगढ़ पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करके किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पकड़े गए आरोपियों से 53 हजार 900 रूपये के नकली छपे हुए नोट व 58 हजार रुपये के असली नोट बरामद किए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से नोट छापने का सामान बरामद हुआ है।
मामले को खुलासा करते हुए एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि रविवार देर शाम रामगढ़ थानाध्यक्ष हरर्वेंद्र मिश्रा को सूचना मिली कि रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला जग जीवननगर सैलई में घर में कुछ लोग भारतीय मुद्रा छापने का काम कर रहे हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष रामगढ़ हरर्वेंद्र मिश्रा और एसओजी प्रभारी रवि त्यागी ने मुखबिर द्वारा बताए गए घर पर दबिश देकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से पुलिस ने 53 हजार 900 रुपये के नकली नोट जबकि 58 हजार की असली मुद्रा बरामद की है, जो नकली करेंसी को चलाकर एकत्रित की गई थी।
इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नोट छापने के लिए स्याही, प्रिंटर के साथ अन्य सामान भी बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम कमल प्रताप निवासी जगजीवन नगर सैलई थाना रामगढ़, रामवीर निवासी राजा का ताल थाना टूंडला व कुलवेंद्र उर्फ विकास निवासी सिकेरा थाना मटसेना बताए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।