मथुरा। कोसीकलां में छापामार कार्रवाई करती टीम।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस बल के साथ नगर के बाजार में छापेमार कार्रवाई की। टीम ने कई दुकानदारों के पास से नकली विदेशी सिगरेट बरामद की। इनमें से कई सिगरेट ऐसी थीं जो वर्षों पहले बंद हो चुकी हैं। व्यापार मंडल के हस्तक्षेप के बाद टीम ने कार्रवाई रोक दी और वापस लौट गई।
शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की। मुख्य बाजार में टीम ने महेश अग्रवाल, किशोरीलाल, सोनू, जैन स्टोर एवं स्टेट बैंक चौराहे के पास मैथ्यूस की दुकान पर विदेशी सिगरेट के नकली ब्रांड गोल्ड क्वीन, पाइन, ई-10, ब्लैक सिगरेट के ब्रांड के दुकानदारों से करीब डेढ़ लाख का माल पकड़ा।
सिगरेट के पैकिटों पर कैंसर की चेतावनी वाले निशान नहीं थे। कार्रवाई की जानकारी होते ही व्यापार मंडल के पदाधिकारी वहां पहुंच गए और टीम को मनाने में जुटे रहे। व्यापारियों के बढ़ते दबाव के चलते टीम ने पकड़ा गया सामान भी छोड़ दिया और बिना किसी कार्रवाई के लौट गई। टीम के सदस्यों ने कहा कि कस्बा में बड़े स्तर पर नकली सिगरेट का काम हो रहा है। वह जल्द ही पूरे दलबल के साथ कार्रवाई करेगी।