कासगंज-बरेली रेल लाइन पर मॉकड्रिल के दौरान राहत एवं बचाव कार्य करते रेलकर्मी
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। बुधवार की देर रात बरेली सिटी पर दुर्घटना का संकेत देता सायरन बजा तो फिर रेलवे में हड़कंप मच गया। कासगंज स्टेशन पर उद्घोषणा होने लगी कि कासगंज से टनकपुर जा रही मेला स्पेशल ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। जिसमें कई यात्रियों के गंभीर होने की सूचना है। यह जानकारी मिलते ही कासगंज और लालकुआं से राहत टीमें दौड़ पड़ीं। हालांकि बाद में पता चला कि कर्मचारियों की सतर्कता परखने के लिए मॉकड्रिल कराई गई थी।
रात लगभग 3 बजे नियंत्रण कक्ष द्वारा सूचना दी गई कि बरेली सिटी यार्ड में लाइन संख्या 5 पर कासगंज से टनकपुर जा रही मेला स्पेशल ट्रेन का पांचवा कोच दोनों पटरियों से उतर गया है। सूचना मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत, मंडल रेल प्रबंधक परिचालन अजय वार्ष्णेय आला अफसरों के साथ मौके पर पहुंच गए। मंडल चिकित्सालय के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. अरूण कुमार खुन्नू चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ पहुंचे। कासगंज रेलवे स्टेशन पर भी हाई अलर्ट हुआ। यहां से सहायता गाड़ी भेजी गई। मंडल के नियंत्रण कक्ष में घायलों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया। हालांकि यह कोई वास्तविक घटना नहीं थी, बल्कि रेलवे द्वारा अफसरों और कर्मचारियों की सतर्कता परखने के लिए यह मॉकड्रिल था।