कासगंज-पटियाली। तहसील क्षेत्र के गांव इंदाजसनपुर में शुक्रवार को दोपहर के समय दो झोपड़ियों में आग लग गई। इन दोनों झोपड़ियों में ग्रामीणों की रखी 49 हजार की नकदी व अन्य घरेलू सामान आग से जल गया। ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। सूचना पर राजस्व टीम मौके पर पहुंची और पीड़ितों को मदद का भरोसा दिलाया।
अज्ञात कारणों के चलते आग सबसे पहले ग्रामीण अशोक कुमार की झोपड़ी में लगी। अशोक के परिवार के लोग घर के बाहर थे। जैसे ही उनकी नजर आग पर पड़ी उन्होंने शोर मचाया। इसी बीच आग की लपटें और विकराल हो गईं। अशोक कुमार की झोपड़ी के पास में ही बनी ऊषा देवी की झोपड़ी को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की इस घटना में अशोक कुमार की झोपड़ी में रखी 35 हजार रुपये की नकदी, कपड़े, बर्तन, चारपाई, बिस्तर व गृहस्थी का अन्य सामान जल गया। वहीं ऊषा देवी की झोपड़ी में रखी 14 हजार रुपये की नकदी, चारपाई, कपड़े, बिस्तर अन्य सामान जल गया। चौकी इंजार्च मानपाल सिंह, राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की क्षति का आकलन किया है। तहसीलदार तिमराज सिंह ने पीड़ितों को मदद का भरोसा दिया है।