आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के रुनकता धाम शनिदेव मंदिर की कमेटी के सदस्यों ने क्षेत्रीय महिला और अन्य पर मंदिर के चढ़ावे से वसूली करने का आरोप लगाया है। कार्यालय में उनकी कुर्सी पर बैठकर 40 हजार रुपये ले जाने की शिकायत की गई है। पुलिस को मामले से संबंधित सीसीटीवी फुटेज दिए गए हैं।
रुनकता निवासी नरेंद्र ने बताया कि वह रुनकता धाम शनिदेव मंदिर कमेटी के सदस्य हैं। मंदिर के चढ़ावे और अन्य खर्च का हिसाब उन्हीं के पास रहता है। उन्होंने सोमवार को कमेटी के अन्य सदस्यों के साथ डीसीपी सिटी से शिकायत की। बताया कि रुनकता की आशा, संजू, धन्नो, नागेंद्र, प्रतीक, सुमन, सीमा और राजू आए दिन मंदिर पर आकर हंगामा करते हैं। मंदिर के चढ़ावे और अन्य माध्यमों से आने वाले रुपयों में से हर सप्ताह 10 हजार रुपये मांगते हैं।
नौ मई की रात नौ बजे सभी एक साथ मंदिर आए। आशा उनके कार्यालय में घुस आई। उन्हें कुर्सी से उठाकर खुद कुर्सी पर बैठ गई। हंगामा किया और डरा-धमका कर चालीस हजार रुपये ले लिए। कहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। रुपये लेने और बाहर निकलकर मारपीट करने की घटना मंदिर के कैमरों में रिकॉर्ड है। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने एसीपी हरीपर्वत अमीषा को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस पर कार्रवाई से बचने का आरोप
नरेंद्र का कहना है कि आरोपी क्षेत्र में खुलेआम लोगों से रुपये मांगते हैं। पूर्व में एक महिला संत से भी मारपीट कर चुके हैं। पुलिस भी उनपर कार्रवाई से बचती है। उनके क्षेत्र में हंगामा करने के कई वीडियो पहले भी सामने आ चुके हैं। सोमवार को घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में महिला और अन्य कार्यालय में बैठे दिख रहे हैं। महिला के हाथ में नोट हैं और कुछ देर बाद वह हाथ में नोट पकड़े हुए जा रही है। दूसरे वीडियो में मंदिर परिसर में मारपीट हो रही है और कुछ लाेग उन्हें छुड़ाने का प्रयास कर रहे हैं। लोग सोशल मीडिया पर राम मंदिर के बाद आगरा में शनि मंदिर में चढ़ावा विवाद जैसे कमेंट कर रहे हैं।