घटना शाम तकरीबन 7:25 बजे की है। पांच मंजिला सर्व एसआरके मॉल के बेसमेंट में पार्किंग है। लोअर ग्राउंड में प्ले जोन और स्पोर्ट्स वियर का शोरूम है। ग्राउंड फ्लोर पर तीन रेस्तरां हैं। पहली मंजिल बंद है जबकि दूसरी मंजिल पर मल्टीप्लेक्स चलता है। होंडा अमेज कार से सिकंदरा क्षेत्र के रहने वाले दसवीं के दो छात्र, एक 12वीं का छात्र और उनकी साथी शाहगंज क्षेत्र की छात्रा मॉल में आए थे। बेसमेंट में बनी पार्किंग में पहुंचे थे। छात्रा और उसका साथी भगवान टाकीज स्थित एक प्रतिष्ठित इंस्टीट्यूट में नीट की तैयारी कर रहे हैं।
कार को खड़ी करने के बाद चारों लिफ्ट की तरफ आ गए। लिफ्ट के पिछले हिस्से में सीढ़ियां बनी हैं। दसवीं का छात्र अपने साथ कार में सुतली बम लेकर आया था। उसका एक साथी सीढ़ियों पर आकर माचिस से बम जलाने लगा। दो बार में भी बम नहीं जल सका। इस पर दसवीं के छात्र ने आकर बम में माचिस की तीली से आग लगा दी। इससे जोरदार धमाका हुआ।
इससे पूरे मॉल में दहशत फैल गई। तीनों मंजिल पर मौजूद लोग आवाज सुनकर भागने लगे। यह देखकर सुरक्षाकर्मी दौड़ पड़े। उन्होंने चारों को भागते हुए देखा। वह कार लेकर निकास गेट की तरफ जा रहे थे। पहले सुरक्षाकर्मी समझ नहीं पाए। वह धमाके की जगह पर पहुंचे। शक होने पर कार का पीछा किया। निकास गेट के पास छात्रों की कार को रोक लिया। उनकी कार की तलाश ली, जिसमें आतिशबाजी बरामद की गई। सूचना पर थाना न्यू आगरा की फोर्स पहुंच गई। चारों को अपने साथ लेकर चली गई।
मॉल मालिक ने दी तहरीर
मॉल के संचालक रोमित कपूर और शौकी कपूर भी आ गए। उन्होंने बताया कि मॉल में जिस समय धमाका किया, उस समय एक हजार से अधिक लोग मौजूद थे। धमाका इतना जबर्दस्त था कि सभी मंजिलों पर अफरातफरी मच गई। मल्टीप्लेक्स में भी लोग दहशत में आ गए। किशोरों ने सीढ़ियों पर जानबूझकर धमाका किया है। अगर संवेदनशील स्थान पर धमाका होता तो लोगों को चोट भी लग सकती थी। उन्होंने कार्रवाई की मांग की। यह भी कहा कि उनका क्या मकसद था, यह भी पता चलना चाहिए।
कब्जे में कार और मोबाइल
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि पकड़े गए तीन किशोर और एक किशोरी दसवीं और 12वीं में पढ़ते हैं। वह बर्गर किंग पर बर्गर खाने के लिए आए थे। मॉल की पार्किंग में शरारत करने के लिए अपने साथ कार में आतिशबाजी लेकर आए आतिशबाजी से धमाका कर दिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। परिजन को जानकारी दे दी गई है। मामले में थाने की जीडी में एंट्री करने के बाद रिपोर्ट जेजे बोर्ड को भेजी जाएगी। किसी का मकसद दहशत फैलाना नहीं था। वह माफी मांग रहे थे। उनके मोबाइल को कब्जे में लिया है। कार की भी तलाशी ली गई है। उन्हें परिजन के सुपुर्द किया जाएगा।
http://