फिरोजाबाद जिले में विद्युत स्टेशनों पर मेंटीनेंस कार्य और आए दिन हो रहे फाल्ट के कारण बिजली संकट गहराया हुआ है। विद्युत आपूर्ति सुचारू न होने के कारण भीषण गर्मी में लोग व्याकुल हो जाते हैं। शुक्रवार को तो एक सांप ने 21 गांवों की बिजली गुल कर दी।
दरअसल, सांप घुसने से फरिहा सब स्टेशन की इनकमिंग मशीन में तेज आवाज के साथ धमाका हो गया। फाल्ट होने से 21 गांवों की बिजली गुल हो गई। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने सांप को मशीन से बाहर निकाला। इस दौरान करीब दो घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
बताया गया है कि सुबह तकरीबन 11 बजे फरिहा सब स्टेशन की मशीन में सांप घुस गया। इससे मशीन में तेज धमाके साथ ब्लास्ट हो गया। धमाके में मशीन के अंदर घुसा सांप भी मर गया। घटना से फरिहा टाऊन एवं इटारी फीडर में आने वाले 21 गांवों में विद्युत आपूर्ति बंद हो गई।