मैनपुरी। कॉलेजों में प्रयोगात्मक परीक्षाओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिले के करीब 250 कॉलेजों में अभी तक प्रयोगात्मक कार्य पूर्ण नहीं कराया गया है। कहीं एक कहीं दो प्रयोगात्मक कार्य कराए गए हैं। कई जगह तो छात्र-छात्राओं को एक भी प्रयोग नहीं कराया गया है। विभाग ने फरवरी के अंतिम सप्ताह तक प्री-बोर्ड के साथ प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराने के निर्देश दिए हैं।
सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने फरवरी के अंतिम सप्ताह में प्री-बोर्ड परीक्षा के साथ प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराने का आदेश जारी किया है। विभाग ने जब कॉलेजों से जानकारी ली तो पता चला कि करीब 250 कॉलेजों में प्रयोगात्मक कार्य पूरा नहीं हुआ है। जिससे इन कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को प्रयोगात्मक परीक्षाओं को लेकर चिंता सता रही है। सचिव के आदेश के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षार्थियों की प्री-बोर्ड परीक्षा और प्रयोगात्मक कार्य को समय से पूरा कराए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद भी कॉलेज संचालक प्रयोगात्मक कार्य की तरफ से ध्यान नहीं दे रहे हैं। नगर स्थित सीएस कॉलेज के 12वीं के छात्र हर्षित ने बताया कि उसके यहां अभी तक विज्ञान में मात्र एक ही प्रयोग हुआ है। वहीं एमआरएल कॉलेज की 12वीं की छात्रा खुशी ने बताया कि उसके यहां तो अभी तक विज्ञान, जीव विज्ञान का एक भी प्रयोग नहीं कराया गया है।
प्रधानाचार्य सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार बोर्ड परीक्षार्थियों की प्री-बोर्ड परीक्षाएं और प्रयोगात्मक कार्य फरवरी के अंतिम सप्ताह में कराना सुनिश्चित करें। मार्च के द्वितीय सप्ताह में अंक अपलोड करने होंगे।
मनोज कुमार वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक।