नगर निगम कार्यकारिणी में शनिवार को 6 सदस्यों को चुना गया। 5 पार्षद भाजपा के और एक बसपा का जगह बना पाया। भाजपा को बसपा के चुनाव से डर और बिखरे विपक्ष का लाभ मिला। सपा, कांग्रेस और निर्दलीय ताल ठोंकने के बाद बसपा के साथ न देने से कार्यकारिणी में नहीं पहुंच पाए। सर्वसम्मति से 6 पार्षदों को कार्यकारिणी के लिए चुन लिया गया।
विज्ञापन
शनिवार पूर्वाह्न नगर निगम सदन में कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव के लिए विशेष अधिवेशन हुआ। मेयर नवीन जैन की अध्यक्षता में चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई। मेयर ने सभी दलों के पार्षद दल नेताओं से नाम मांगे।
भाजपा पार्षद दल नेता मोहन सिंह ने पार्टी के 6 पार्षदों संजय राय, जगदीश पचौरी, अनीता खरे, नेहा गर्ग, श्यामवीर सिंह और गुलाब सिंह कुशवाह के नाम का एलान किया। बसपा पार्षद दल नेता मनोज सोनी ने धर्मवीर सिंह और मनोज कुमार का नाम बताया। सपा-कांग्रेस-निर्दलीय गठबंधन ने शिरोमणि सिंह और विकलेश यादव को प्रत्याशी बनाया। इस तरह 10 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
विज्ञापन
बसपा ने आठ वोट नहीं दिए वरना चुने जाते शिरोमणि
बसपा के पास 25 पार्षद हैं। 17 वोटों के बाद दूसरे प्रत्याशी के लिए उन पर 8 वोट अतिरिक्त थे जबकि सपा, कांग्रेस, निर्दलीय प्रत्याशी अपने साथ 10 वोट बता रहे थे।
गठबंधन प्रत्याशी शिरोमणि ने कहा कि बसपा द्वारा अपने वोट देने से इंकार करने के कारण वह चुनाव लड़ने से पीछे हट गए। बसपा विपक्षी दलों के साथ रहती तो दो सदस्य कार्यकारिणी में विरोधी दलों के होते। विपक्ष के इस बिखराव के कारण भाजपा ने चार की जगह पांच सदस्यों को चुनवा लिया।
भाजपा के विद्रोही पार्षद उमेश पेरवानी ने किया बहिष्कार
नगर निगम सदन में चुनाव के लिए पार्षद उमेश पेरवानी को संगठन ने प्रत्याशी नहीं बनाया, इस पर वह नामांकन के लिए अड़ गए। साथी पार्षदों ने उन्हें समझाया और नामांकन न भरने के लिए कहा। इस पर वह चुनाव प्रक्रिया का बहिष्कार कर चले गए।
एक भाजपा, तीन विपक्षी पार्षदों ने नाम लिए वापस
मेयर चुनाव निर्विरोध कराने के पक्ष में थे। 10 नामांकन दाखिल होने के बाद उन्होंने सभी दलों के नेताओं और पार्षदों से बात की। जिसके बाद भाजपा की पार्षद नेहा गर्ग, बसपा के मनोज कुमार, कांग्रेस के शिरोमणि सिंह, सपा की विकलेश यादव ने नाम वापस ले लिया। इसके बाद ही निर्विरोध सभी 6 सदस्यों के नाम का एलान कर दिया गया।
हम सभी शहर के विकास के लिए हैं। दलों के रूप में काम करने की जरूरत नहीं। अच्छा हुआ जो सदन ने सर्वसम्मति से नाम तय कर लिए। अच्छे माहौल में, कटुता के बिना चुनाव हो गए, इसके लिए सभी पार्षदों को बधाई। उनके साथ कार्यकारिणी शहर के हित में अच्छे फैसले लेगी। -नवीन जैन, मेयर
विशेष अधिवेशन में यह रहे मौजूद
प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री डा. जीएस धर्मेश, भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, पार्षदों में रवि बिहारी माथुर, प्रकाश केसवानी, अनुराग चतुर्वेदी, शरद चौहान, राकेश जैन, राजेश प्रजापति, सुषमा जैन, राधिका अग्रवाल, सुनील राठौर, बंटी माहौर, वर्षा शर्मा, मनीष धाकड़ आदि मौजूद रहे।
चुने गए सदस्य
- संजय राय
- जगदीश पचौरी
- अनीता खरे
- गुलाब सिंह
- श्यामवीर सिंह
- धर्मवीर सिंह