आगरा। दयालबाग स्थित खेलगांव स्पोर्ट्स क्लब में शुरू हुई तीन दिवसीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के पहले दिन शुक्रवार को विभिन्न वर्गों के रोमांचक मुकाबले हुए। क्लब प्रबंधक दीपक मारु ने बताया कि 30 प्लस और 60 प्लस वर्ग के मैचों में कई संघर्षपूर्ण मुकाबले देखने को मिले। 30 प्लस वर्ग में पूल मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई।
पूल-1 में अनूप वर्मा पहले स्थान पर रहे, जबकि डॉ. विनीत ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं पूल-2 में डॉ. अभिषेक पहले और मनोज आर. कुमार दूसरे स्थान पर रहे। इन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
60 प्लस वर्ग में भी अनुभवी खिलाड़ियों ने अपने खेल से प्रभावित किया। संजय अग्रवाल ने प्रमोद गर्ग को 2-0 से हराया। डॉ. अजय ने डॉ. किशोर बसंतानी को 2-0 से मात दी। डॉ. शरद गुप्ता ने डॉ. बृजेश राठौर को 2-0 से शिकस्त दी। वहीं अनिल कटयाल ने ज्ञानेश्वर को 2-1 से पराजित किया। इसके अलावा भी कई मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।
प्रतियोगिता के अगले चरण के मुकाबले 21 मार्च को सुबह 7 बजे से खेले जाएंगे। इस दौरान 30 प्लस सिंगल्स और 60 प्लस डबल्स के मैच होंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ खेलगांव के ट्रस्टी उमेश गुप्ता ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।