तमाम सख्ती के बाद भी जिले में जमकर नकल हो रही है। मंगलवार को हाईस्कूल की गणित की परीक्षा में बेटे की जगह बाप परीक्षा देता पाया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय डा. जितेंद्र सिंह यादव ने श्रीमती मानकुंवर त्यागी कन्या इंटर कालेज, रहलई के कक्ष संख्या 13 से परीक्षार्थी रामविलास की जगह पिता रतीराम को परीक्षा देते पकड़ा। रतीराम की उम्र देखते ही जितेंद्र सिंह को शक हो गया। फोटो से मिलान के बाद मामला पकड़ में आया। पूछने पर रतीराम ने बताया कि उसके बेटे को तेज बुखार आ रहा था। इसलिए वह परीक्षा देने पहुंचा। डीआईओएस ने बताया कि गणित के प्रश्न परीक्षार्थी के पिता के समझ में कम आ रहे थे, उसने कापी पर ज्यादा कुछ लिखा नहीं था। केंद्र व्यवस्थापक से जवाब तलब किया गया और रतीराम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए गए।
महात्मा कपिलदेव इंटर कालेज, अहरेरा में डीआईओएस दिनेश कुमार यादव ने सामूहिक नकल पकड़ी। उन्होंने दो परीक्षार्थियों को नकल सामग्री के साथ पकड़ा। एक नकलची ने नकल सामग्री फेंकने के चक्कर में उत्तर पुस्तिका का पिछला पन्ना फाड़कर फेंक दिया। संबंधित विषय के दो कक्ष निरीक्षक नकल कराते पाए गए, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं। परीक्षा निरस्त करने की संस्तुति की जा रही है।
वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक शिक्षा वैभव कुमार ने डीएवी इंटर कालेज धिमश्री के बाथरूम से बड़ी संख्या में नकल सामग्री बरामद की। हाईस्कूल की गृह विज्ञान की भी परीक्षा थी, नकल सामग्री उसी से संबंधित थी। यहां एक परीक्षार्थी के पास से मोबाइल फोन पकड़ा गया।
दस नकलची पकड़े गए
आगरा। हाईस्कूल गणित के प्रश्नपत्र में कुल दस नकलची पकड़े गए। डीआईओएस ने महात्मा कपिलदेव इंटर कालेज से दो, चंपावती इंटर कालेज से एक, जीआईसी प्रधानाचार्य डा. धर्मेंद्र शर्मा ने रफी अहमद किदवई से एक, महात्मा दूधाधारी इंटर कालेज से एक, हंसाराम दूल्हे खां इंटर कालेज से तीन, गुलकंदी देवी इंटर कालेज, नौनी से दो नकलची पकड़े। हंसाराम दूल्हे खां इंटर कालेज में एक परीक्षार्थी 192 पेज का गाइड लेकर बैठा था। केंद्र व्यवस्थापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
आठ संबंधित विषय के कक्ष निरीक्षक मिले
आगरा। वित्त एवं लेखाधिकारी ने डीएवी धिमश्री से चार संबंधित विषय के शिक्षकों को ड्यूटी देते पकड़ा। सभी को तत्काल हटा दिया गया। बता दें कि यह एडेड विद्यालय है। यहां परीक्षार्थी टाट पट्टी पर बैठकर परीक्षा दे रहे हैं। एओ माध्यमिक ने विद्यालय को भविष्य में परीक्षा केंद्र न बनाने की संस्तुति की है। डीआईओएस ने महात्मा कपिलदेव इंटर कालेज में दो कक्ष निरीक्षकों को संबंधित विषय के पकड़े। दो कक्ष निरीक्षक जीआईसी प्रधानाचार्य महात्मा दूधाधारी इंटर कालेज ने पकड़े।
बाह में दूसरे की जगह परीक्षा देते दो दबोचे
बाह। जरार के आशाराम रतनलाल इंटर कालेज में मंगलवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल गणित की परीक्षा में दो युवकों को दूसरे छात्रों की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया। केन्द्र व्यवस्थापक ने उन्हें बाह पुलिस के हवाले कर दिया। गढ़ी रम्पुरा के छात्र नरेंद्र पुत्र सुशील की जगह पर ब्रजेश पुत्र रामनिवास परीक्षा दे रहा था। जबकि श्यामसुंदर पुत्र रिंगलाल की जगह पर हरीश पुत्र शिवचरन परीक्षा दे रहा था। प्रवेश पत्र और उपस्थिति पत्र के फोटो मिलान करने पर दोनों पकड़ में आ गये। केन्द्र व्यवस्थापक एसके दीक्षित ने दोनों को बाह पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
अछनेरा में कक्ष निरीक्षक के साथ अभद्रता
अछनेरा। कस्बा स्थित हरप्रसाद इंटर कालेज में मंगलवार को सुबह की पाली में परीक्षा के दौरान नकल करने से रोकने पर गुस्साये छात्र ने कक्ष निरीक्षक के साथ अभद्रता कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस कक्ष निरीक्षक और छात्र को थाने ले गई। वहां कक्ष निरीक्षक के तहरीर न देने पर छात्र को छोड़ दिया गया।