मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन कार्य अंतिम दौर में पहुंच गया है। हाईस्कूल की मात्र 4896उत्तर पुस्तिकाएं शेष बची हैं। इंटरमीडिएट का मूल्यांकन कार्य शनिवार तक पूरा होने की उम्मीद है। समय से मूल्यांकन कार्य पूरा कराने में अधिकारियों की मेहनत काम आ रही है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से जिले में चार केंद्रों पर यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य किया जा रहा है। हाईस्कूल की जिले में आवंटित उत्तर पुस्तिकाओं का कार्य आज पूरा हो जाएगा। जिले में हाईस्कूल की कुल 1,51,144 उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित की गई थीं जबकि इंटरमीडिएट की 1,50,875 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए उपलब्ध कराई गईं। बृहस्पतिवार तक हाईस्कूल की 1,46,248 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया गया। जबकि इंटरमीडिएट की 1,22,482 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने मूल्यांकन कार्य में लगे सभी अधिकारियों और परीक्षकों को समय से मूल्यांकन कार्य समापन की ओर पहुंचाने के लिए धन्यवाद दिया है।