एत्मादपुर में ठेल-ढकेल वालों ने मंगलवार को पैदल मार्च निकालकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। बाद में नायब तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में व्यापार करने के लिए जगह निर्धारित करने की मांग की। ऐसा न करने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी।
मुख्य बाजार में ठेल-ढकेल पर व्यापार करने वाले लोग एकत्रित हो गए। नारेबाजी करते हुए बाजार, तकिया चौराहा, पुरानी तहसील चौराहा होते हुए तहसील पहुंचे। एसडीएम के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार डा. गजेन्द्र पाल सिंह को सौंपा। उन्होंने मांग की कि ठेल-ढकेल लगाने के लिए नगर में जगह निश्चित की जाए। बता दें कि मंगलवार को पुलिस ने गश्त के दौरान तिराहे-चौराहों पर ठेल-ढकेल वालों को अतिक्रमण करके अव्यवस्थाएं न फैलाने की हिदायत दी थी। इंस्पेक्टर ब्रह्म सिंह का कहना है कि अतिक्रमण करके समस्या खड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में हरी सिंह, सुरेन्द्र, हरी शंकर, वीरेन्द्र सिंह, रामू, नीरज, शकील, वसीम, अनिल, पंकज आदि शामिल रहे।