24एमएनपी-43-ईशन नदी पुल के पास निरीक्षण करते डीएम महेंद्र बहादुर सिंह व एसडीएम रजनीकांत
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिला प्रशासन जहां ईशन नदी के कायाकल्प के लिए प्रयास कर रहा है तो वहीं नगर के कुछ लोग इसे और गंदा कर रहे हैं। सोमवार को ईशन नदी के किनारे खुले में शौच मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी से निगरानी हो रही है, जल्द ही ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह शहर के बीचों-बीच बने ईशन नदी पुल के नीचे निरीक्षण करने पहुंचे थे। यहां रैंप और सीढ़ियों का निर्माण चल रहा है। निरीक्षण के दौरान यहां खुले शौं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि नदी में गंदगी करने वालों की सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। जल्द ही ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद उन्होंने रूपपुर भरतपुर चेकडैम पर पहुंचकर पानी का जल स्तर भी देखा। उन्होंने साफ-सफाई कार्य का निरीक्षण करने के बाद लोगों से सहयोग की अपील की। उन्होंने नालों पर लगाई गई जाली के पास बड़ी मात्रा में पॉलिथीन एकत्रित मिलने पर नगर पालिका को सफाई के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से अपील की कि वह पॉलिथीन का उपयोग न करें।
दोपहर बाद जिलाधिकारी ने भोगांव स्थित प्राचीन सोमनाथ तालाब की सफाई का भी मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत भोगांव को निर्देशित किया कि तालाब की सफाई का कार्य तत्काल पूरा कराएं। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर रजनीकांत, एसडीएम भोगांव सुधीर कुमार, अधिशासी अधिकारी भोगांव आरके सिंह आदि मौजूद रहे।