कासगंज सोरों में भगवान पंचमुखी गणेश की खबर से संबंधित फोटो मंदिर के महंत पंडित सरवन दोनेरिया
- फोटो : KASGANJ
सोरों(कासगंज)। तीर्थनगरी के चौदह पोर इलाके में स्थित पंचमुखी गणेश मंदिर में भगवान गणेश की प्रतिमा बहुत आकर्षक है। मान्यता है कि पंचमुखी गणेश के दर्शन मात्र से भगवान की कृपा भक्तों को मिलती है और उनके मनोरथ पूरे होते हैं।
यह भी मान्यता है कि गणेश मूर्ति का आकार अपनेआप चमत्कारिक रूप से बढ़ता है। यह मूर्ति जब 30 वर्ष पूर्व स्थापित की गई थी तो महज 25 सेंटीमीटर की थी। इतने वर्षों में इस मूर्ति के आकार में वृद्धि होने के बाद अब यह मूर्ति करीब 2 मीटर ऊंची हो चुकी है। मंदिर के महंत पंडित सरवन दोनेरिया बताते हैं कि करीब 30 वर्ष पूर्व उज्जैन में उनके चाचा लक्ष्मीनरायन को एक सिद्ध महात्मा ने पंचमुखी गणेश की एक छोटी मूर्ति दी थी और मूर्ति को ले जाकर भव्य मंदिर बनाने को कहा। वह उज्जैन से मूर्ति लेकर सोरों आए और मूर्ति की स्थापना की। अब मूर्ति के आकार में चमत्कारी रूप से वृद्धि हो रही है।
महंत दोनेरिया का कहना है कि गणेश चतुर्थी पर मंदिर में धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित होते हैं। 56 भोग लगाए जाते हैं। भंडारा प्रसाद वितरित होता है। महाराष्ट्र, राजस्थान, आगरा, अलीगढ़, हाथरस सहित अन्य जनपदों के लोग पंचमुखी गणेश के दरबार में आकर पूजा अर्चना करते हैं। जिससे उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
कासगंज सोरों के पंचमुखी गणेश मंदिर में सजी भगवान पंचमुखी गणेश की प्रतिमा- फोटो : KASGANJ