कासगंज में नामांकन करके बाहर आते भाजपा के उम्मीदवार साथ में भाजपा जिलाध्यक्ष, विधायकगण
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चारों पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। पुलिस और प्रशासन ने इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कलक्ट्रेट स्थित अपर जिलाधिकारी न्यायालय, चकबंदी कार्यालय एवं अपर जिलाधिकारी न्यायिक न्यायालय में नामांकन किए गए। जबकि ग्राम प्रधान, सदस्य ग्राम पंचायत और सदस्य क्षेत्र पंचायत पद के लिए विकासखंडों पर नामांकन हुए। प्रशासन ने कोरोना गाइडलाइन का पालन करने के लिए संजीदगी दिखाई। उम्मीदवार के साथ सिर्फ एक प्रस्तावक को ही नामांकन स्थल तक पहुंचने दिया, लेकिन नामांकन स्थलों के बाहर भीड़ उमड़ी रही।
सभी नामांकन स्थलों पर बैरीकेटिंग और पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स लगाकर नामांकन पत्रों को जमा कराया गया।
डीएम सीपी सिंह ने बताया कि जिले में नामांकन पत्रों को दाखिल करने, उनकी संवीक्षा करने, उम्मीदवारी वापस लेने तथा चुनाव चिन्ह आवंटन का कार्य, ग्राम पंचायत के प्रधानों, सदस्यों एवं क्षेत्र पंचायत के सदस्यों के लिये संबंधित विकासखंड मुख्यालयों पर व्यवस्था की गई है। सदस्य जिला पंचायत के लिए नाम निर्देशन पत्र लिए जाने से लेकर प्रतीक आवंटन तक की प्रक्रिया के लिए नियत स्थानों के अनुसार वार्ड संख्या 1 से 7 तक के लिए न्यायालय अपर जिलाधिकारी न्यायिक कासगंज, कलक्ट्रेट कक्ष संख्या 33 में, वार्ड संख्या 8 से 15 तक के लिए न्यायालय सहायक आयुक्त स्टाम्प कासगंज, कलेक्ट्रेट कक्ष संख्या 34 में तथा वार्ड संख्या 16 से 23 तक के लिये न्यायालय अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कासगंज, कलक्ट्रेट कक्ष संख्या 28 में नाम निर्देशन से लेकर प्रतीक आवंटन तक की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।