सरावल (कासगंज)। सिढ़पुरा विकास खंड क्षेत्र के दहेली खुर्द गांव में युवक मंगल दल के खेल मैदान पर ग्रामीणों ने अतिक्रमण कर लिया। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर छपने के बाद ग्राम पंचायत और राजस्व टीम ने मैदान से अतिक्रमण हटाया।
दहेली खुर्द गांव में खेल मैदान पर ग्रामीणों ने अतिक्रमण कर वहां उपले पाथने लगे थे। ग्रामीण बच्चों को इस मैदान में खेलने नहीं देते थे। मैदान से अतिक्रमण हटवाने के संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत की। इस संबंध में अमर उजाला ने तीन दिसंबर को अमर उजाला में मैदान पर अतिक्रमण बच्चे कहां खेले शीर्षक से खबर प्रकाशित किया।
समाचार प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने इस समस्या को गंभीरता से लिया। इसके बाद डीएम ने अतिक्रमण हटाने का निर्देश ग्राम पंचायत और राजस्व टीम को दिया। प्रधान ओमकार सिंह और लेखपाल ने 6 दिसंबर को जेसीबी मशीन द्वारा खेल मैदान से घूरे के ढेर व उपलों को हटवाया गया।
मैदान से अतिक्रमण हटाए जाने पर ग्रामीण जितेंद्र शाक्य, रामकुमार, सतेंद्र सिंह, करन सोलंकी, सुरजीत शाक्य ने अमर उजाला अखबार की खबर की प्रशंसा कर आभार जताया।