खंदौली में आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर एनएचएआई और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे बने अवैध कब्जों को हटाया। अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं की समस्या को देखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कस्बा खंदौली में सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया।
विज्ञापन
अभियान के दौरान बुलडोजर की मदद से पड़ाव चौराहे से लेकर सड़क किनारे बने टिनशेड, रैंप, बोर्ड, अस्थायी काउंटर और ठेल-ढकेलों को हटाया गया। इस दौरान थाने वाली गली के बाहर लगी पूर्व सांसद की शिलापट्टिका और विधायक निधि से लगाए गए हैंडपंपों को भी उखाड़ दिया गया। इसको लेकर ग्रामीणों ने विरोध जतायाए लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रित रही।
ब्रजभूमि कंस्ट्रक्शन के प्रोजेक्ट निदेशक विनय वर्मा और एनएचएआई के टोल प्लाजा प्रबंधक अमित चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल नालों तक किए गए अवैध कब्जों को चिह्नित कर हटाया जा रहा है।
विज्ञापन
अधिकारियों के अनुसार अतिक्रमण के कारण हाईवे पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी और सड़क किनारे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण पूरी तरह हटने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। संवाद