फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मैनपुरी में कार्रवाई के बाद भी डूब क्षेत्र में जारी हैं निर्माण कार्य

विज्ञापन
विज्ञापन
मैनपुरी। शहर से होकर गुजरने वाली ईशन नदी के किनारे डूब क्षेत्र में हुई अवैध प्लॉटिंग और निर्माण कार्यों पर प्रशासन सख्त हो गया है। चिह्नांकन के बाद कार्रवाई भी शुरू हो गई है, लेकिन निर्माण कार्य लगातार जारी है। प्रशासन इन्हें रुकवाने में नाकाम साबित हो रहा है। पहले से ही जहां सैकड़ों अवैध निर्माण हो चुके हैं तो वहीं निर्माणाधीन भी बढ़ी संख्या में हैं। इन्हें रुकवाने के साथ ही अवैध निर्माण को ध्वस्त कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है।
विज्ञापन

वर्ष 2001 में तैयार महायोजना के अनुसार ईशन नदी के डूब क्षेत्र का निर्धारण किया जा रहा है। इसके अनुसार शहर के देवी रोड, चांदेश्वर रोड, जेल रोड समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर डूब क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्लॉटिंग की गई है। लाखों रुपये न केवल ये प्लॉट बेच दिए गए बल्कि वहां निर्माण कार्य भी हो गए। उप जिलाधिकारी सदर ऋषिराज की ओर से जब महायोजना के अनुसार चिह्नांकन शुरू कराया गया तो खलबली मच गई।
एसडीएम के अनुसार अधिकांश निर्माण कार्य और प्लॉटिंग डूब क्षेत्र में अवैध रूप से की गईं। इनके लिए न तो प्रशासन से कोई अनुमति ली गई और ही नक्शा पास कराया गया। इन सभी को नोटिस जारी करने के बाद ध्वस्त किया जाएगा। इसके बाद भी डूब क्षेत्र में न तो प्लॉटिंग का कार्य रुका और न ही निर्माण का। प्रशासन के नियमों को ताक पर रखकर लोग लगातार निर्माण कार्य जारी रखे हुए हैं। रविवार को भी नदी के किनारे एक दर्जन से अधिक निर्माण कार्य चलते रहे। बिना पुलिस बल या कार्रवाई के इन कार्यों को रोकना संभव नहीं है।
विज्ञापन

दृश्य एक: श्मशान घाट रोड
इस रोड पर ईशन नदी की धारा से महज पांच मीटर की दूरी पर निर्माण कार्य जारी है। कुछ निर्माण लिंटर तक पहुंच चुके हैं तो वहीं कई निर्माण अभी कुछ दिन पहले ही शुरू हुए हैं। डूब क्षेत्र में कार्रवाई के बाद भी नदी की धारा के बिल्कुल पास रविवार को भी कई निर्माण कार्य चलते रहे।
दृश्य दो: जेल रोड
जेल रोड पर ईशन नदी के किनारे डूब क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्लॉटिंग की गई। यहां प्रशासन ने निर्माण न करने के लिए दो दिन पहले चेतावनी भी दी थी, लेकिन इसके बाद भी काम नहीं रुका। रविवार को नदी के किनारे चार निर्माण कार्य जारी रहे। ये निर्माण अवैध हैं।
दृश्य तीन: चांदेश्वर रोड
ईशन नदी की धारा से लेकर मुख्य सड़क तक ढाई सौ मीटर का क्षेत्र बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में शामिल है। लेकिन यहां ढाई सौ मीटर तो छोड़िए नदी की धारा से ढाई मीटर दूर ही प्लॉटिंग की गई है। रविवार को यहां भी कई निर्माण कार्य होते रहे।
13 लोगों पर दर्ज हो चुकी है एफआईआर
दो दिन पहले ही विनियमित क्षेत्र की ओर से नदी के डूब क्षेत्र में कॉलोनी काटने वाले 13 लोगों पर एफआईआर कराई जा चुकी है। इसमें से चार लोगों को पुलिस ने जेल भी भेज दिया है। फिर भी लोगों में कार्रवाई का डर नहीं है।
दो सौ अवैध निर्माण हो चुके हैं चिह्नित
एसडीएम सदर ऋषिराज ने डूब क्षेत्र में हुए निर्माण कार्यों को चिह्नित करने के लिए एक टीम का गठन किया था। इसमें अवर अभियंता विनियमित क्षेत्र के साथ-साथ चार लेखपालों को शामिल किया गया है। ये टीम अब तक डूब क्षेत्र में अवैध रूप से बनाए गए दो सौ निर्माण कार्यों का चिह्नांकन कर चुकी है। इन सभी को नोटिस भेजे जा रहे हैं।
वर्जन
डूब क्षेत्र में की गई प्लॉटिंग व सभी निर्माण अवैध हैं। जो लोग प्रशासन के निर्देश के बाद भी निर्माण कार्य कर रहे हैं उन पर कार्रवाई की जाएगी। लगातार इसके लिए चिह्नांकन कार्य किया जा रहा है।
विज्ञापन

ऋषिराज, एसडीएम सदर।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें