मैनपुरी। विद्युत वितरण निगम के लिए दस हजार से अधिक के बकाएदार सिरदर्द बन गए हैं। जिले के 57 हजार उपभोक्ताओं पर 1.65 अरब रुपये का बिल बकाया है। लगातार प्रयास के बाद भी उपभोक्ता बिल जमा नहीं कर रहे हैं। अब विद्युत निगम के अधिकारियों ने बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
विद्युत वितरण निगम मैनपुरी तीन खंडों में बंटा है। प्रथम खंड में शहरी क्षेत्र और वहीं द्वितीय, तृतीय में ग्रामीण क्षेत्र आता है। जिले के तीनों खंडों में कुल 57899 विद्युत उपभोक्ताओं पर एक अरब 65 करोड़ 55 लाख रुपये का बिल बकाया है। इन सभी बकाएदारों पर दस हजार रुपये से अधिक का बकाया है। अधीक्षण अभियंता विद्युत अतुल अग्रवाल ने सभी उपखंड अधिकारियों को अभियान चलाकर कनेक्शन काटने के आदेश दिए हैं।
तृतीय खंड में सर्वाधिक है बकाएदारी
विद्युत वितरण निगम के तीनों खंडों में से तृतीय खंड में सबसे अधिक बकाया है। प्रथम खंड में 2894 उपभोक्ताओं पर 7.48 करोड़ रुपये, द्वितीय खंड में 26567 उपभोक्ताओं पर 76.30 करोड़ रुपये और तृृतीय खंड में 28438 उपभोक्ताओं पर 81.79 करोड़ रुपये की धनराशि बकाया है।
दस हजार से अधिक के बड़े बकाएदार चिह्नित किए गए हैं। इन पर 1.65 अरब रुपये का बिजली बिल बकाया है। इनके विरुद्घ अभियान चलाकर कनेक्शन काटने के आदेश उपखंड अधिकारियों को दिए हैं।
अतुल अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता विद्युत।