दोस्तों के साथ यमुनोत्री दर्शन के लिए गई गौरी अब कभी नहीं लौटेगी। ट्रिप पर जाने से पहले फेसबुक पोस्ट पर जाहिर की गईं उसके मन की बात दुर्भाग्य से ऐसी सच हुईं कि अब हर फ्रेंड इन्हें पढ़कर अपने आंसू रोक नहीं पा रहा है। हादसे की सूचना के बाद गौरी के घर में तो कोहराम है ही। अब जो भी उसकी लास्ट फेसबुक पोस्ट पढ़ रहा है, उसकी आंखें भी नम हैं।
बता दें कि शुक्रवार देर शाम आगरा और मथुरा के यात्री महिंद्रा थार जीप से यमुनोत्री के दर्शन कर लौट रहे थे। उत्तराखंड में बड़कोट के पास उनकी जीप खाई में गिर गई। इसमें मथुरा निवासी दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। आगरा के सिकंदरा की रहने वाली गौरी शर्मा (21) ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर आने के बाद से ही आगरा में उसके घर में कोहराम मचा है। दोस्त, रिश्तेदार भी गमगीन हैं।
हादसे के बाद गौरी के दोस्तों ने उसे सोशलमीडिया पर भी श्रद्धांजलि दी। गौरी शर्मा ने यमुनोत्री की यात्रा पर जाने से पहले अपनी सभी दोस्तों को फेसबुक पोस्ट के जरिए जानकारी दी थी। 20 जून को अपने फेसबुक पोस्ट में गौरी ने लिखा कि मोस्ट पीसफुल मूमेंट्स ऑफ माई लाइफ व्हेन आईएम ऑन ट्रेवलिंग मोड (मेरी जिंदगी का सबसे शांतिपूर्ण क्षण तब होता है जब मै यात्रा कर रही होती हूं)। उसका उत्साह देखकर ही लग रहा था कि गौरी को ट्रैवलिंग काफी पसंद थी।
इसके बाद 22 जून को अपने पोस्ट में गौरी ने गंगोत्री धाम के लिए निकलने की जानकारी दी। 22 जून को ही शाम करीब साढ़े चार बजे किए पोस्ट में यमुनोत्री जाने की बात लिखी और इसे हैशटैग इनरपीस (#innerpeace) के साथ पोस्ट किया। बस यही गौरी की जिंदगी का आखिरी फेसबुक पोस्ट साबित हुआ। अब यही पोस्ट पढ़कर गौरी के फेसबुक फ्रेंड अपने आंसू रोक नहीं पा रहे हैं। हादसे के बाद से गौरी के इन पोस्ट पर आगरा के हजारों लोगों ने श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया है।