30 लाख के बकाए पर पांच गांवों की बिजली काटी
लगातार प्रयास के बाद भी बिल जमा नहीं कर रहे हैं ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। नवीगंज क्षेत्र के पांच गांव में विद्युत उपभोक्ताओं पर 30 लाख का बिल बकाया होने पर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई है। शनिवार को भी 40 लाख का बकाया बिल जमा नहीं होने पर पांच गांव की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई थी। बकाया विद्युत बिल जमा कराने तथा ग्रामीणों को ओटीएस योजना का लाभ देने के लिए नवीगंज क्षेत्र के गांव दुर्जनपुर में 20 नवंबर को मेगा शिविर लगाया जाएगा।
बिजली विभाग ने बकाया बिल जमा कराने के लिए ओटीएस योजना लागू की है। कई गांव केे उपभोक्ताओं पर बिजली बिल का लाखों रुपया बकाया चल रहा है। रविवार को उपकेंद्र जोत के गांव कछपुरा, लक्ष्मणपुर, चिरावर, नरायनपुर, टिलुआ की आपूर्ति जेई हरवीर सिंह द्वारा बंद कर दी गई। पांचों गांव में 300 कनेक्शन धारक हैं। इन पर 30 लाख रुपये विद्युत बिल बकाया है। इसके बाद भी ग्रामीण बकाया बिल जमा नहीं कर रहे हैं। शनिवार को भी 40 लाख का बकाया बिल होने पर जोत क्षेत्र के गांव टोडरपुर, शिवसिंहपुर, मुड़ई, कल्याणपुर, मनीरामपुर की विद्युत आपूर्ति बंद करा दी गई थी।
बकाएदारों से बिल जमा कराने तथा उनको ओटीएस योजना का लाभ दिलाने के लिए 20 नवंबर को जोत क्षेत्र के दुर्जनपुर में मेगा शिविर लगाया जाएगा। ओटीएस योजना में बकाया बिल किस्तों में जमा किया जा सकता है। पंजीकरण कराने पर योजना का लाभ मिलेगा।
रविप्रताप, अधीक्षण अभियंता