विरोध प्रदर्शन करते विद्युत विभाग के कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के गृह जनपद मथुरा में बिजली विभाग के अवर अभियंता की गोली मारकर हत्या के बाद विभाग में उबाल है। घटना के विरोध में अधिकारियों और कर्मचारियों ने शुक्रवार को कार्य बहिष्कार कर दिया। उन्होंने जल्द हत्याकांड का खुलासा करने की मांग की है।
बृहस्पतिवार की रात हुई अवर अभियंता प्रदीप कुमार की हत्या के बाद शुक्रवार सुबह ही बिजली विभाग की एमडी सौम्या अग्रवाल आईजी ए गणेश मंडलायुक्त अनिल कुमार मथुरा पहुंचे। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों ने एमडी, आईजी, कमिश्नर का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।
कर्मचारियों ने सुरक्षा की मांग की। कर्मचारियों ने कहा की रात में बिना पुलिस प्रोटेक्शन के बिजली विभाग के कर्मचारी कार्रवाई नहीं करेंगे। जिलाधिकारी सर्वज्ञ राम मिश्र ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाई जाएगी।