फिरोजाबाद की जसराना तहसील क्षेत्र की तीन गांव की बिजली विभाग ने बत्ती गुल कर दी। बताया गया है कि बकाए बिल का भुगतान न करने पर विद्युत निगम ने ये कदम उठाया। इससे किसान परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश में फसल खराब होने से बिल का भुगतान नहीं हो पा रहा है।
उपखंड जसराना क्षेत्र के पाढ़म फीडर के गांव नवादा के ग्रामीणों द्वारा बिल का भुगतान न करने पर अवर अभियंता दिनेश चंद्र मिश्र ने पूरे गांव की बिजली काट दी। दस दिन पूर्व कटी बिजली के कारण ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। बदन सिंह, वेद सिंह, सत्यभान सिंह, धर्मवीर सिंह, धीरेंद्र, धनीराम का कहना है कि विद्युत निगम ने पूरे गांव की आपूर्ति को भंग कर दिया है जबकि कई उपभोक्ताओं ने अपना बिल भी जमा करा दिया है। ग्रामीणों ने कहा बारिश के चलते फसल पूरी तरह से बर्बाद होने के कारण बिल का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं।
बच्चे नहीं कर पा रहे पढ़ाई
पिछले दस दिनों से अंधेरे में रहने के कारण न तो बच्चे पढ़ाई कर पा रहे हैं और न ही अन्य कार्य हो पा रहे हैं। बनबारा फीडर के गांव दिनौली गौरवा एवं इटौली फीडर के गांव खेरिया रैपुरा के उपभोक्ताओं ने भी बिल जमा नहीं किया है। बिल जमा न करने पर पूरे गांव की ही बिजली आपूर्ति को रोका गया है। अवर अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया खेरिया रैपुरा में मात्र एक व्यक्ति ने अपना बिल जमा कराया गया है।
नहीं कर रहे बिल जमा
जसराना के विद्युत उपखंड अधिकारी मनोज बघेल ने बताया कि बकाया बिल जमा न करने पर तीन गांवों की बिजली काटी गई है। बिजली कटने के बाद भी उपभोक्ता बिल जमा नहीं कर रहे हैं।