उत्तर प्रदेश के आगरा में तीन साल की कवायद के बाद आगरा कैंट स्टेशन रोड पर रेल कोच रेस्टोरेंट या रेल हेरिटेज पार्क तैयार हो सका। पुराने कोचों को आलीशान ट्रेन का लुक देकर रेस्टोरेंट तैयार कर दिया गया। इसे संचालित करने वाली एजेंसी ने 5 नवंबर को उद्घाटन की योजना बनाई, लेकिन रेलवे ने विद्युत कनेक्शन के लिए एनओसी देने से इनकार कर दिया है। ऐसे में रेल कोच के शुरू होने पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
रेलवे की खाली जमीन पर रेल हेरिटेज पार्क व रेस्टोरेंट शुरू करने का प्रस्ताव तीन साल पहले लाया गया था। आगरा कैंट स्टेशन रोड पर श्रीराम चौक के सामने करीब दो हजार स्क्वायर मीटर क्षेत्रफल में निजी फर्म को इसका ठेका दिया गया। महाराजा ट्रेन की तर्ज पर तैयार कराए गए रेल कोच रेस्टोरेंट को 16 मई 2023 को शुरू होना था, लेकिन काम पूरा नहीं हो सका। तभी से निजी फर्म रेलवे को इसका भुगतान कर रही है।