फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिल जमा न करने पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष के घर का बिजली कनेक्शन काटा, हंगामा

Sat, 11 Aug 2018 11:28 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला आगरा
विज्ञापन
टोरंट पावर के अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आगरा में टोरंट पावर कंपनी की टीम ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल के घर का कनेक्शन काट दिया। टोरंट पावर का कहना है कि बिल का भुगतान न होने के कारण कनेक्शन काटा गया। 
विज्ञापन


उधर, भाजपा नेता का कहना है कि वर्तमान माह का बिल था और बिल जमा करने में समय शेष था, लेकिन टोरंट पावर ने मनमाने तरीके से कनेक्शन काटा। इस घटना को लेकर क्षेत्र में जमकर हंगामा भी हुआ। 

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल जीवनी मंडी क्षेत्र में रहते हैं। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे टोरंट की वैन उनकी गली में पहुंची और उनके घर का बिजली कनेक्शन काट दिया। 
विज्ञापन

भाजपाइयों ने किया हंगामा

मोहल्ले के लोगों ने उन्हें टोका भी लेकिन तब तक टोरंट के कर्मचारी कनेक्शन काटकर चले गए। करीब एक घंटे बाद  टोरंट पावर का एक और कर्मचारी आया। उसने कनेक्शन को जोड़ दिया लेकिन मीटर की सील नहीं जोड़ी। 

इसकी जानकारी होते ही मोहल्लेवाले और पुरुषोत्तम खंडेलवाल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कर्मचारी से पूछा कि किसके आदेश पर कनेक्शन काटा गया है और किसके आदेश पर जोड़ने आए हो। दूसरी सील क्यों नहीं जोड़ी है। 

इस पर कर्मचारी अभद्रता करने लगा तो उन्होंने पुलिस को मौके पर बुला लिया। भाजपा के कई पार्षद और नेता भी पहुंच गए। उन्होंने इस घटना को प्रदेश उपाध्यक्ष का अपमान और टोरंट की मनमानी करार देते हुए हंगामा कर दिया। 

बाद में टोरंट के अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। उनके कहने पर सील जोड़ी गई। टोरंट पावर के कर्मचारियों ने लिखित में खेद व्यक्त किया और तब जाकर मामला शांत हुआ।

सड़कों को खोदने का किया था विरोध

भाजपा नेता पुरुषोत्तम खंडेलवाल का कहना है कि टोरंट पावर की टीम बरसात के दिनों में गलियों को खोदकर भूमिगत विद्युत केबल डाल रही है। इसकी वजह से आए दिन हादसे होते हैं। 

उन्होंने टोरंट पावर की खोदाई का विरोध किया था। साथ ही उन्होंने सपा सरकार में टोरंट पावर को मिली रियायतों की जांच कराने की मांग की है। इस पर कंपनी के अधिकारी उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं। 

पुरुषोत्तम खंडेलवाल का कहना है कि टोरंट पावर का बिल उनके घर कभी नहीं आता है। वे कनेक्शन के नंबर के आधार पर स्वयं ही समय पर बिल जमा करा देते हैं। इस बार महज 15 हजार का बिल जमा कराने में देरी हुई थी लेकिन करंट बिल के आधार पर कनेक्शन काटने का अधिकार नहीं है। 
 
विज्ञापन

'समय पर जमा करते हैं बिल'

भाजपा नेता ने कहा कि हम हर महीने समय पर बिल जमा कराते हैं। इस बार दो दिन का समय अधिक हो गया था। आज ही भतीजा बिल जमा कराने जा रहा था, लेकिन दफ्तर खुलने से पहले ही सुबह नौ बजे कनेक्शन काटा गया। खुद ही टोरंट के कर्मचारी जोड़ भी गए लेकिन उन्होंने सील नहीं जोड़ी। ऐसा लगता है कि टोरंट पावर के कर्मचारी उन्हें चोर साबित करने की कोशिश कर रहे थे।

टोरंट पावर के प्रवक्ता भूपेंद्र सिंह का कहना है कि समय पर बिल जमा न होने पर नियमानुसार बिजली काटी गई थी। जैसे ही बिल जमा हुआ कनेक्शन जोड़ दिया गया। सील तोड़ने या लगाने जैसा कोई मामला नहीं था। कुछ गलतफहमी थी, जिसे उनके साथ बैठ कर दूर कर लिया गया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें