चार जनवरी को उद्घाटन के बाद से एक कदम नहीं चल सकीं इलेक्ट्रिक बसें सोमवार से ताजनगरी की सड़कों पर फर्राटा भरती नजर आएंगी। पहले चरण में इन बसों का संचालन भगवान टाकीज से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन तक किया जाना है। अभी तक 47 बसें लखनऊ से भेजी जा चुकी हैं।
स्मार्ट सिटी के तहत ताजनगरी में 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाना है। आगरा-मथुरा सिटी बस ट्रांसपोर्ट लिमिटेड की ओर से चलने वाली इन बसों के लिए रूट और किराये का निर्धारण भी हो चुका था। चार जनवरी को पहली खेप में पांच बसों को भेजा गया था। ईदगाह बस स्टैंड पर इनका लोकार्पण केंद्रीय मंत्री ने किया था, लेकिन चार्जिंग डिपो के अधूरा होने के कारण एक भी बस नहीं चलाई जा सकी। चार्जिंग डिपो नरायच में स्थापित किया गया है। अमर उजाला ने इस मुद्दे को उठाया। चार्जिंग डिपो बनाने में देरी को प्रमुखता से रखा। इसके बाद काम तेज हो सका।
ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने बताया कि डिपो में बैटरी और चार्जिंग प्वाइंट लगाए जा चुके हैं। अब बसों को चार्जिंग करने का ट्रायल किया जा रहा है। अभी तक लखनऊ से 42 और बसों को भेजा जा चुका है।
शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन 31 जनवरी तक शुरू किए जाने की उम्मीद है। नरायच चार्जिंग डिपो में लगभग सभी कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
- राजेंद्र सिंह, डिपो प्रभारी, आगरा मथुरा सिटी बस ट्रांसपोर्ट