निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी के तहत बृहस्पतिवार को आगरा में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। फतेहाबाद रोड स्थित होटल आईटीसी मुगल में पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग करेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक के मद्देनजर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में आगरा, कानपुर, बरेली, झांसी व चित्रकूट मंडल के कुल 21 जिलों की चुनावी तैयारियों को परखा जाएगा। इसमें आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, जालौन, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद और कन्नौज शामिल हैं।
बैठक के दौरान मतदाता सूची के पुनरीक्षण, मतदान केंद्रों की स्थिति, ईवीएम और वीवीपैट की उपलब्धता, निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण, मतदाता जागरूकता अभियान और कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक में सभी पांच मंडलों के मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, आईजी, डीआईजी, सभी 21 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक शामिल होंगे। इस दौरान संबंधित जनपदों के अधिकारी अपने-अपने जिलों में अब तक की गई चुनावी तैयारियों और व्यवस्थाओं की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत करेंगे।