आगरा। विधान सभा चुनावों के लिए अति संवेदनशील मतदेय स्थलों का चिह्नांकन शुरू हो गया है। सभी एसडीएम, अपर नगर मजिस्ट्रेट से जिला निर्वाचन अधिकारी ने ऐसे मतदेय स्थलों की मैपिंग के आदेश दिए हैं। जिन क्षेत्रों में मतदान के दौरान हिंसा, उपद्रव व अन्य किसी तरह के व्यवधान की आशंका है उन्हें चिह्नित किया जा रहा है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भारत सिंह के मुताबिक जिले में 1768 मतदान केंद्रों पर 3896 मतदेय स्थल हैं। जिन गांव, मजरों व क्षेत्रों में मतदान के दौरान भय दिखाकर मतदाताओं को प्रभावित होने की आशंका है उन्हें अति संवेदनशील श्रेणी में रखा जाएगा। ऐसे केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। ऐसे लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई के लिए थाना स्तर पुलिस द्वारा सूची बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि अति संवेदनशील, संवेदनशील सहित तीन श्रेणियों में मतदेय स्थलों को बांटा जाएगा। सभी तहसीलों के एसडीएम, रिर्टर्निंग आफिसर व अपर नगर मजिस्ट्रेट ऐसे मतदेय स्थलों की मैपिंग कर रहे हैं।
पंचायत में लुट चुकी हैं पेटियां
अप्रैल माह में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान विप्रावली सहित तीन गांव में हिंसा हुई थी। उस दौरान दो मतदान केंद्रों पर दबंग मतपेटियां लूट ले गए थे। यहां चुनाव रद्द करना पड़ा। आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। विधान सभा चुनाव में ईवीएम से मतदान होगा।