इरादतनगर के भिड़ावली गांव में देर रात घर लौट रहे 65 वर्षीय किसान पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सुबह राहगीरों ने उन्हें बचाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
आगरा के इरादतनग थाना क्षेत्र के भिड़ावली गांव में बुधवार रात कुत्तों के झुंड ने एक बुजुर्ग किसान को काट लिया। घायल हुए बुजुर्ग रातभर वहीं रहे। गंभीर रूप से घायल किसान को बृहस्पतिवार की सुबह ग्रामीणों ने देखा और परिजन को सूचना दी। एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान किसान की मौत हो गई।
गांव भिड़ावली निवासी 65 वर्षीय किसान प्रेम सिंह बुधवार की शाम ननिहाल ग्राम सिलोखर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात वह पैदल घर लौट रहे थे। इरादतनगर से भिड़ावली के बीच सुनसान रास्ते में कुत्तों ने उन्हें काट लिया। बुजुर्ग किसान घायल हो गए। बृहस्पतिवार तड़के रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने कुत्तों को भगाकर उनकी जान बचाई। राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना परिजन को दी। परिजन उन्हें इरादतनगर के स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए, वहां से उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
बृहस्पतिवार दोपहर बाद किसान का शव गांव पहुंचा, तो चीख पुकार मच गई। परिजन ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के भतीजे और भिड़ावली के प्रधान अजय त्यागी ने बताया कि घटना की जानकारी तहसील प्रशासन को दे दी गई है, ताकि कुत्तों के उत्पात से ग्रामीणों को निजात दिलाई जा सके।