उत्तर प्रदेश के आगरा में गुरुवार को बुजुर्ग दंपती के शव पेड़ पर फंदे से झूलते मिले। घर वालों ने देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
घटना पिनाहट थाना क्षेत्र के झोरियानपुरा गांव के मजरा बगुला की ठार की है। गांव निवासी निहाल सिंह (60) तथा उनकी पत्नी विमला (56) के शव सुबह घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर पेड़ पर लटकते मिले। निहाल का शव गमछे तो विमला का शव साड़ी के फंदे से झूल रहा था। बहू पूनम घर का काम करने के लिए बच्चे को सास-ससुर के पास छोड़ने बाहर आई तो दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए।
सास-ससुर को फंदे से लटकता देख वह चीखने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। चचेरे भाई पारथ ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसओ नीरज पवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना करके जानकारी जुटाई। मौजूद लोगों व परिजन से बात करके जानकारी ली।
पुलिस ने लोगों की मदद से दंपती के शव पेड़ से नीचे उतरवाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। एसओ ने बताया कि दपंती ने किन कारणों के चलते आत्महत्या की, इसका पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया घरेलू कलह में यह आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है।