एटा में स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के लिए आठ विद्यालयों का चयन राज्य स्तर के लिए किया गया है। इन विद्यालयों को पुरस्कृत किया जाएगा। इनमें चार प्राथमिक और चार माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। स्वच्छ विद्यालय और जल की व्यवस्था के मानकों पर खरा उतरने वालों को शामिल किया गया है।
केंद्र सरकार के अधीन कार्य करने वाले शिक्षा मंत्रालय एवं साक्षरता मिशन की ओर से स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके लिए राज्य स्तर पर चयन होने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर भी मूल्यांकन किया जाएगा। राज्य स्तर पर पुरस्कृत करने के लिए ब्लॉक अवागढ़ क्षेत्र के गनेशपुर प्रावि, शीतलपुर के गांव पलरा में कंपोजिट विद्यालय, पुलिस लाइन प्रावि, शीतलपुर ब्लॉक के गांव जिरसिमी स्थित प्राथमिक विद्यालय शामिल किए गए हैं।
ये भी आए पुरस्कार पाने की श्रेणी में
वहीं माध्यमिक के डॉ. जेडएच इस्लामिया इंटर कॉलेज निधौलीकलां, कुं. मनोहर सिंह इंटर कॉलेज, लोंगश्री देवी हायर सेकेंड्री स्कूल बापू नगर और जनता इंटर कॉलेज कैल्ठा पुरस्कार पाने की श्रेणी में आए हैं।
इन्हें मिले फाइव स्टार
फाइव स्टार पाने वालों में जिरसिमी, कैल्ठा, गनेशपुर और पलरा शामिल हैं। जबकि इस्लामिया, मनोहरसिंह, पुलिस लाइन और लोंगश्री कॉलेज को फोर स्टार ही मिले हैं। डीआईओएस मिथलेश कुमार और बीएसए संजय सिंह ने बताया कि आठ विद्यालय पुरस्कार पाने की श्रेणी में शामिल हुए हैं। इनको राज्य स्तर पर स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
इस तरह मिले अंक
स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार की दौड में शामिल होने वालों को जल व्यवस्था पर 22 अंक, स्वच्छ शौचालय पर 27, साबनु से हाथ धोने पर 14, संचालन व रख-रखाव पर 21, व्यवहार परिवर्तन एवं क्षमता निर्माण पर 11 और कोविड बचाव पर 15 अंक निर्धारित किए गए थे। 90 से 100 अंक पाने वालों को फाइव स्टार, 75 से 89 अंक तक फोर स्टार, 51 से 75 तक थ्री स्टार दिए जाने का प्रावधान था।