कोरोना वायरस: एंबुलेंस के पास खड़ा स्वास्थ्यकर्मी (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या हर दिन बढ़ रही है। 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से एडीओ पंचायत और भाजपा नेता सहित सर्वाधिक आठ मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ जिले में शनिवार को कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 102 पर पहुंच गई। 24 घंटे में जेल के दो बंदियों सहित 369 लोग संक्रमित भी मिले हैं।
जिला अस्पताल में कोविड लेवल टू अस्पताल की स्थापना की गई है। यहां वर्तमान में 38 मरीजों का उपचार चल रहा है। जनपद के गांव औडेंय मंडल निवासी 70 वर्षीय वृद्ध को दो दिन पहले कोरोना संक्रमित होने पर कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार की रात कोविड अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव पुसैना निवासी 70 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला ने भी शुक्रवार की रात कोविड लेवल टू में दम तोड़ दिया। बेवर क्षेत्र के गांव बझेरा निवासी 80 वर्षीय वृद्ध ने शनिवार की सुबह कोविड लेवल टू में उपचार के दौरान दम तोड़ा। वहीं शहर के मोहल्ला मिश्रा निवासी 65 वर्षीय एक व्यक्ति की शनिवार की सुबह कोविड लेवल टू अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।