आगरा में पहले ही दिन स्कूल वाहन हादसे का शिकार हो गया। वह अनियंत्रित होकर भवन के बेसमेंट में घुस गया। हादसे में आठ बच्चे घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
उत्तर प्रदेश के आगरा में सोमवार को स्कूल खुलने के पहले दिन ही स्कूल वाहन हादसे का शिकार हो गया। हादसे में आठ बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। घटना देख लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
विज्ञापन
हादसा सिंकदरा थाना क्षेत्र के बोदला रोड पर मेन बाजार में हुआ। यहां छुट्टी के बाद लक्ष्मी पैलेस के सामने स्थित केंद्रीय विद्यालय का स्कूल वाहन 15 बच्चों को लेकर छोड़ने जा रहा था। रास्ते में मेन बाजार में चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। इससे गाड़ी बेसमेंट पर बनी दुकान में घुस गई। दुकान बंद होने के कारण शटर से टकराकर रुक गई।
घटना के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने देखा तो भागकर पहुंचे। उन्होंने बच्चों को बाहर निकाला। सूचना पुलिस व परिजन को दी। खबर पाकर पुलिस व परिजन पहुंच गए। परिजन घायल बच्चों को लेकर अपने साथ चले गए।