फतेहपुर सीकरी। क्षेत्र के ग्राम उंदेरा में मड़ाई के लिए काटकर रखी गेहूं की फसल में बिजली के तारों की चिंगारी से आग लग गई। इससे दो किसानों की आठ बीघे खेत की फसल राख हो गई।
ग्राम उंदेरा निवासी जबर ने बताया कि उसके तीन बीघा खेत की गेहूं की फसल काटकर मड़ाई के लिए रखी थी। वहीं बगल में संजय ने भी पांच बीघे खेत की फसल काटकर मड़ाई के लिए रखी थी। बृहस्पतिवार की दोपहर बिजली के तारों की स्पार्किंग से निकली चिंगारी फसल पर आकर गिरी। इससे आग लग गई। फसल जलती देख गांववाले दौड़े। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह लोगों ने आग पर काबू पाया। हालांकि इस बीच आठ बीघे की सारी फसल जलकर राख हो चुकी थी। पीड़ित किसानों ने मुआवजे की गुहार लगाई है।