हींग की मंडी में बकरा की खरीददारी करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के बिजलीघर स्थित शाही जामा मस्जिद पर सोमवार की सुबह आयोजित हिलाल कमेटी की बैठक में शहर मुफ्ती मजदुल कुद्दूस खुबैब रूमी ने ईद उल जुहा का चांद देखे जाने की तस्दीक की।
उन्होंने बताया कि ईद उल जुहा का त्योहार 22 अगस्त को मनाया जाएगा। सोमवार को चांद की पहली तारीख मानी जाएगी। शहर मुफ्ती ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि 13 अगस्त को जिलहिज्जा की पहली तारीख होगी।
यह फैसला रात करीब 12 बजे तमिलनाडु, गुजरात और मध्य प्रदेश से चांद देखे जाने की सटीक सूचनाएं प्राप्त होने के बाद किया गया। इसके बाद ईद का चांद देखे जाने की तस्दीक की गई।
22 अगस्त को साढ़े साते बजे होगी नमाज
इस्लामियां लोकल एजेंसी के चेयरमैन हाजी असलम कुरैशी ने बताया कि बकरीद की नमाज 22 अगस्त को ईदगाह में सुबह सात बजे और जामा मस्जिद पर साढ़े सात बजे होगी।
इस मौके पर जामा मस्जिद के इमाम इरफान उल्ला खां निजामी, अब्दुल मलिक शमसी, फिरासत हुसैन, अजीम मलिक, मोहम्मद इफ्तिखार, नईम सेठ, सरवर हुसैन, सेठ इलियास, अशरफ कुरैशी आदि मौजूद रहे।
चांद दिखा तो बिखरीं खुशियां
ईद के चांद की तस्दीक होने के बाद मुस्लिम इलाकों में खुशी की लहर दौड़ गई। बहुत से लोग चांद की पहली तारीख को रोजा भी रखते हैं। इसके दसवें दिन ईद मनाई जाएगी।
सज गई बकरा मंडी
चांद की दीदार होने के बाद से कुरबानी के लिए बकरों की खरीद में तेजी आ जाएगी। हींग की मंडी स्थित बाजार में भी रोजाना शाम को बकरा मंडी लगेगी। इस दौरान पुलिस के इंतजाम भी रहते हैं।
बकरा मंडी में राजस्थान के भरतपुर, धौलपुर, बाड़मेर, बाड़ी, बसेड़ी से व्यापारी अपने बकरों की बिक्री करने आते हैं। इसके अलावा तोरा चौकी के पास भी पशुओं की हाट में बकरों की खरीद फरोख्त शुरू हो चुकी है। यह हाट रविवार को लगाई जाती हैं।