24एमएनपी-14-शहर के आगरा रोड पर बंद ईदगाह
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। लॉकडाउन के चलते ईद से एक दिन पहले बाजार में जो आसानी से मिला वो सामान लोगों ने खरीदा। बाजार बंद होने के कारण हथठेलों पर बेचे जा रहे सामान की खरीदारी की गई। बाजार में मौजूद पुलिस ने हथठेलों पर भीड़ नहीं लगने दी। हथठेल वालों को चल फिरकर बिक्री करने की हिदायत दी गई।
कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन चल रहा है। सोमवार को ईद मनाई जानी है। लॉकडाउन के चलते बाजार पूरी तरह बंद है। बाजार में दुकानें बंद होने के कारण हथठेल वाले ही जरूरी सामान की गलियों और सड़कों पर घूमकर बिक्री कर रहे हैं। ईद से पहले रविवार की शाम हथठेलों से जरूरी सामान की बिक्री की गई। आगरा रोड पर पहुंचे एक हथठेल से महिलाओं ने कपड़ों की खरीदारी की। जब भीड़ जमा होने लगी तो पुलिस ने हथठेल वाले को एक जगह नहीं खड़े होकर बिक्री करने की हिदायत दी। ईद से पहले करहल रोड पर एक हथठेल से सेवई की जमकर बिक्री हुई। सेंवई खरीदने के लिए हथठेल पर लोग जमा हो गए। बाजार में गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों ने हथठेल वाले को वहां से हटा दिया। बाजार में खरीदारों की बीते वर्ष की अपेक्षा बहुत कम भीड़ नजर आई।
----