मैनपुरी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की वर्चुअल मीटिंग जिला अध्यक्ष राजीव यादव की अध्यक्षता में हुई। मीटिंग में परिषदीय शिक्षकों के एनपीएस खातों में लगातार दो माह से धनराशि न भेजने पर रोष व्यक्त किया गया। निर्णय लिया गया कि जनपद स्तर से समस्या का शीघ्र निस्तारण न होने पर वित्त नियंत्रक और अन्य उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा।
जिला अध्यक्ष राजीव यादव ने बताया कि विगत दो वर्षों से कार्यालय से कई महीनों की कटौती को एकमुश्त एनपीएस खातों में भेजने की व्यवस्था का चलन चल गया है। जिससे शिक्षकों को बेवजह आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में भी परिषदीय शिक्षकों के खातों में मार्च माह से एनपीएस कटौती की धनराशि नहीं भेजी गई है। वेतन से कटौती होने के बाद कई महीनों तक शिक्षकों के एनपीएस खातों में धनराशि न भेजने से उनमें बेहद आक्रोश है।
जिला मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नियमित वेतन कटौती के उपरांत एनपीएस ग्रांट न होने का हवाला देकर कई महीनों तक शिक्षकों के खातों में उनकी कटौती की धनराशि को ट्रांसफर नहीं किया जाता है। जबकि शासनादेश के मुताबिक एनपीएस धनराशि प्रेषण में विलंब होने पर जीपीएफ की दर से ब्याज देय है, लेकिन जनपद में शासनादेश का पालन नहीं किया जा रहा है। जिला ऑडिटर अबलेंद्र कुमार ने कहा कि पूर्व में भी विलंब से भेजी गई धनराशि पर शिक्षकों को अब तक कोई ब्याज नहीं दिया गया है।
वर्चुअल मीटिंग में सत्यवीर सिंह, कौशल गुप्ता, डॉ. कमलेश यादव, के पी सिंह, हेमसिंह, हरिओम दुबे, प्रमोद यादव, दलवीर कठेरिया, योगेश यादव, सत्यप्रकाश, डॉ. मनोज यादव, डॉ. आलोक शाक्य, व्योम सक्सेना, नन्दलाल, प्रदीप कुमार, राजीव गुप्ता, मुकेश कुमार, अशोक पाल, सुदीप पांडेय, अभय वैभव, दिनेश कुमार, अमित कुमार, इमरान, महेश आर्य, मेघसिंह शाक्य, ओसपाल रक्षपाल शाक्य, जितेंद्र कुमार, ओमकार आदि लोग मौजूद रहे।