मैनपुरी। बेसिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं के साथ ही शिक्षक-शिक्षिकाओं की भी ऑनलाइन पढ़ाई शुरू करा दी गई है। शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए टीचर्स कॉर्नर जारी किया गया है। इस पर अध्ययन के बाद ऑनलाइन परीक्षा भी देनी होगी। जिसका मूल्यांकन समय-समय पर किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शासन ने लॉकडाउन के बीच ऑनलाइन शिक्षण और मूल्यांकन का निर्णय लिया है। इसी क्रम में प्रेरणा एप के माध्यम से प्रेरणा लक्ष्य, प्रेरणा सूची और प्रेरणा तालिका जारी की गई है। इसके अतिरिक्त शिक्षकों के लिए पठन-पाठन सामग्री भी एप की लिंक से जारी की गई है। इसमें वीडियो, ऑडियो आदि अपलोड किए गए हैं।
शासन के निर्देश पर बीएसए विजय प्रताप सिंह ने जनपद के शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि मिशन प्रेरणा के तहत शिक्षकों का भी मूल्यांकन होगा। इसके लिए जारी लिंक पर प्रश्नोत्तरी का जवाब दें। बाद में इसका मूल्यांकन किया जाएगा।
शिक्षक कॉर्नर में ये सामग्री उपलब्ध
प्रेरणा एप पर शिक्षकों के मूल्यांकन से पहले शिक्षक कॉर्नर के रूप में शिक्षण कार्य के लिए वीडियो, ऑडियो, किताबें, पोस्टर्स, डॉक्यूमेंट व ई-रिसोर्सेज आदि उपलब्ध कराए गए हैं। जिनके माध्यम से शिक्षकों को अध्ययन कर खुद का ज्ञान बढ़ाते हुए बच्चों को शिक्षा प्रदान करनी होगी।
मूल्यांकन पर निर्धारित होगा शिक्षक का ग्रेड
बेसिक शिक्षा परिषद ने मिशन प्रेरणा के तहत शिक्षकों को ग्रेड देने का भी निर्णय लिया है। इसके तहत ऑनलाइन मूल्यांकन का कार्य करते हुए उसी के आधार पर शिक्षकों को ग्रेड जारी किया जाएगा। जिस पर शिक्षकों की वेतनवृद्धि आदि निर्भर होगी।
- मिशन प्रेरणा का सभी शिक्षक बेसिक शिक्षा के निर्देशानुसार पालन करें। लापरवाही भारी पड़ सकती है। जो भी जानकारी मांगी गई है उसे शीघ्र अपलोड करें। - विजय प्रताप सिंह, बीएसए।