घिरोर (मैनपुरी)। शाहजहांपुर में रात के अंधेरे में मिट्टी डाले जाने के काम में लगे एक मजदूर की ट्रैक्टर की चपेट में आकर मौत हो गई। परिजनों की ओर से ट्रैक्टर चालक पर कुचलने का आरोप लगाया गया है। उधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थानाक्षेत्र के गांव शाहजहांपुर निवासी रामनरेश का 18 वर्षीय पुत्र पवन कुमार मजदूरी का काम करता था। बुधवार की रात क्षेत्र में एक स्थान पर वह ट्रैक्टर चालक के साथ मिट्टी भरने का कार्य कर रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब तीन बजे ट्रैक्टर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजनों की ओर से ट्रैक्टर चालक पर जान बूझकर कुचलने का आरोप लगाया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।