मैनपुरी। निजी स्कूलों की तर्ज पर बेसिक शिक्षा परिषद ने भी ऑनलाइन पढ़ाई के लिए व्यवस्था शुरू कर दी है। कक्षा एक से आठ तक की पाठ्यपुस्तकों की पीडीएफ फाइल ऑनलाइन देखी जा सकती हैं। परिषद ने सभी पाठ्य पुस्तकों को बेसिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने के साथ ही शिक्षा विभाग के सभी व्हाट्सएप ग्रुपों पर भी भेजने के निर्देश दिए हैं।
बेसिक शिक्षा परिषद ने कक्षा एक से आठ तक की पाठ्यपुस्तकों को लॉकडाउन के बीच परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। जिले के कुछ परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन शिक्षा देने का कार्य भी शुरू कर दिया है। इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग से जुड़े सभी व्हाट्सएप ग्रुप पर भी सभी पाठ्यपुस्तकों की पीडीएफ फाइल अपलोड कर दी गई हैं। छात्र-छात्राएं परिषद की वेबसाइट से अपने कक्षा की पाठ्यपुस्तकों को डाउनलोड कर शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। शिक्षा विभाग ने यह निर्णय कोरोना वायरस के बीच स्कूलों की पढ़ाई बंद होने के कारण लिया है।
छात्र-छात्राओं को हितों को ध्यान में रखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद ने पाठ्यपुस्तकों को वेबसाइट पर अपलोड किया है। व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी किसी भी कक्षा की पाठ्य पुस्तक का कोई भी चैप्टर घर बैठे पढ़ा जा सकता है।
विजय प्रताप सिंह बीएसए