कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा 2021 के लिए केंद्र के निर्धारण को जिला के परिषदीय विद्यालयों की लापरवाही सामने आई है। 126 विद्यालय केंद्र निर्धारण से पहले ही दौड़ से बाहर हो गए हैं। विभाग ने पूर्ण डाटा उपलब्ध कराने वाले विद्यालयों की उपलब्ध सुविधाओं का सत्यापन शुरू कर दिया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र बनाने को सभी विद्यालयों से अपने यहां उपलब्ध सभी आधारभूत सुविधाओं को ऑनलाइन करने के निर्देश जारी किए गए। 5 दिसंबर तक डाटा ऑनलाइन करने का समय निर्धारित किया गया। जिले में संचालित 268 विद्यालयों में से 142 विद्यालय ही ऐसे रहे जिन्होंने अपना संपूर्ण डाटा ऑनलाइन करने में रुचि दिखाई। जबकि 114 विद्यालय ऐसे रहे जिन्होंने अपना डाटा तो ऑनलाइन किया लेकिन इसको अंतिम रूप देने से परहेज रखा। जबकि 12 विद्यालयों ने अपना डाटा ऑनलाइन ही नहीं किया। इससे जिले के 126 विद्यालयों को विभाग ने जांच के दायरे से बाहर कर दिया है।