मैनपुरी। शहर के पंजाबी कॉलोनी निवासी एक शिक्षक के खाते से शातिर ने तीन बार में 25 हजार रुपये निकाल लिए। बृहस्पतिवार की दोपहर मैसेज आने पर जानकारी हुई। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। कोतवाली क्षेत्र के पंजाबी कॉलोनी निवासी दिव्यांशू श्रीवास्तव परिगवां जागीर स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं।
बृहस्पतिवार की दोपहर वह घर पर थे, तभी उनके मोबाइल पर खाते से 10 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। उन्होंने तुरंत ही अपना एटीएम देखा तो वह उनके पास था। पीड़ित के अनुसार वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही एक और मैसेज आया और खाते से फिर से 10 हजार रुपये निकाले गए। जब तक वह बैंक जाकर सूचना देते, तब तक खाते से तीन बार में 25 हजार रुपये एटीएम के जरिए निकाले जा चुके थे। कोतवाली पहुंचे दिव्यांशू की ओर से तहरीर दी गई। कोतवाली पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी है। संवाद