कासगंज। मिशन प्रेरणा के तहत शिक्षण को बेहतर बनाने के लिए सोमवार से शिक्षकों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए जिले के सभी बीआरसी पर ऑनलाइन प्रशिक्षण की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
प्रशिक्षण प्रतिदिन दो पालियों में दिया जाएगा। प्रत्येक पाली में 25 शिक्षक प्रत्येक बीआरसी के माध्यम से प्रशिक्षण लेंगे। बीआरसी पर तैनात एआरपी जिले के 4359 शिक्षकों, अनुदेशकों, शिक्षा मित्रों को ध्यानाकर्षण, आधार शिला, शिक्षण संग्रह के संबंध में जानकारी देंगे। तीन घंटे के प्रशिक्षण की पहली पाली सुबह 8:30 बजे से जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शुरू होगी।
गुरुजी अपना प्रशिक्षण मोबाइल के माध्यम से स्कूल समय में विद्यालय में रहकर जबकि स्कूल समय के बाद अपने घर पर रहकर भी प्राप्त कर सकेंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी अंजली अग्रवाल ने बताया कि जिले को 2022 तक प्रेरक जनपद बनाया जाना है। जिसके तहत राज्य परियोजना निदेशक ने समग्र शिक्षा के तहत शिक्षकों, अनुदेशकों व शिक्षामित्रों को प्रशिक्षित करने के दिशा निर्देश जारी किए हैं। 14 अगस्त तक यह प्रशिक्षण पूरा होना है।