आगरा में मंगलवार दोपहर में 30 मिनट के अंतराल में दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेपाल में रिक्टर पैमाने पर 6.2 मैग्नीट्यूड तीव्रता के भूकंप का असर आगरा तक महसूस किया गया। दोपहर में 2.51 बजे कुछ सेकेंड तक बहुमंजिला इमारतों के साथ कालोनियों में रहने वाले लोग भूकंप के झटकों के दौरान दहशत में आ गए और दौड़कर घरों के बाहर निकल आए। आगरा में आरबीएस कॉलेज, बिचपुरी में बनी सीस्मो-इलेक्ट्रोमैग्नेटिक लैब ने जमीन के अंदर हुई हलचल को रिकॉर्ड किया है।
विज्ञापन
संजय प्लेस, दयालबाग, फतेहाबाद रोड, जयपुर हाउस, प्रताप नगर समेत शहर की बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोग दोपहर में भूकंप के झटकों से दहशत में आ गए। इमारतों के हिलते ही वह नीचे उतर आए। किसी के घर का झूमर हिलता दिखा तो कोई पंखा हिलता हुआ देखकर नीचे दौड़ पड़ा।
भूकंप के केंद्र नेपाल से आगरा की लैब 400 किमी दूर
बिचपुरी स्थित आरबीएस कॉलेज में बनी सीस्मो इलेक्ट्रोमैग्नेटिक लैब के प्रभारी वेदव्रत पुंडीर ने बताया कि आगरा में जमीन के नीचे हुई हलचल रिकॉर्ड की गई है। भूकंप के केंद्र नेपाल से आगरा की लैब 400 किमी दूर है। यहां रिक्टर पैमाने पर 2.5 मैग्नीट्यूड के भूकंप के झटके दर्ज हुए हैं। लैब में प्राप्त आंकड़ों का विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है।
तब समझ आया कि ये भूकंप है...
मंगलम स्टेट निवासी महिला भावना ने बताया कि 'मैंने भूकंप के अच्छी तरह एहसास किया। मैं उस समय कुर्सी पर बैठी हुई थी, तभी कर्सी हिलने लगी। पहले तो वहम समझा फिर चोरों ओर नजर भी दौड़ाई, तब समझ आया कि भूकंप के झटके लगे हैं।'