मैनपुरी। दीवानी के पास एक व्यक्ति से कुछ लोग ई-रिक्शा छीनकर ले गए। सूचना पर पहुंची यूपी-112 ने गांव भोजपुरा से तांत्रिक सहित तीन लोगों को पकड़ने के बाद कोतवाली पुलिस को सौंप दिया।
कोतवाली पुलिस को बृहस्पतिवार की दोपहर गांव भोजपुरा निवासी राजकुमार ने दीवानी के पास ई-रिक्शा लूट की सूचना दी। सूचना पर पीआरवी 692 पर तैनात एसआई शिवनाथ पाराशर, कांस्टेबल संजीव कुमार और रविंद्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित राजकुमार ने बताया कि गांव निवासी एक तांत्रिक अंकित उसका ई-रिक्शा छीनकर ले गए हैं। पुलिस ने पीड़ित को साथ लिया और गांव जाकर आरोपी को रिक्शा के साथ पकड़ लिया। बाद में तांत्रिक, पीड़ित व उसके रिश्तेदार दीपू निवासी फिरोजाबाद को कोतवाली ले गए। वहां पूछताछ करने पर मामला रुपये के लेन देन का निकला। तांत्रिक ने ई-रिक्शा छीनने की बात स्वीकार की बताया कि उसके रुपये नहीं मिल रहे थे। एसआई शिवनाथ ने बताया कि पकड़े गए लोगों को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया है। वहीं पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है।
यह था पूरा मामला
दरअसल राजकुमार करीब एक माह पूर्व अपने रिश्तेदार दीपू की झाड़ फूंक कराने के लिए गांव निवासी तांत्रिक अंकित के पास गया था। वहां कुछ रुपयों की बात तय हुई थी, लेकिन दीपू की तबियत ठीक नहीं हुई। बृहस्पतिवार को राजकुमार ई-रिक्शा के साथ दीवानी के पास खड़ा हुआ था, तभी अंकित वहां आया और रुपये देने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद अंकित उसका ई-रिक्शा छीन ले गया। पकड़े गए तांत्रिक ने बताया कि उसने अपनी जेब से छह सौ रुपये खर्च किए थे। वह रुपये उसे नहीं दिए गए। इसलिए उसने ई-रिक्शा ले लिया।