आगरा में ई-रिक्शा संचालन की अनुमति की मांग को लेकर ई- रिक्शा चालकों ने सोमवार कलक्ट्रेट में जमकर हंगामा किया। ई-रिक्शा और तांगों से कलक्ट्रेट ही नहीं एमजी रोड तक जाम कर दिया। फरियादी से लेकर अधिकारी तक कलक्ट्रेट में काफी देर के लिए कैद होकर रह गए। पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ई-रिक्शा चालकों की समस्या खत्म होती नहीं दिख रहीं। सोमवार दोपहर लगभग एक बजे काफी संख्या में ई-रिक्शा संग तांगा चालक अपने परिवारीजनों को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। इनका काफिला जीआईसी मैदान, पचकुइंया से चला था। कलक्ट्रेट के गेट पर पहुंचकर दोनों ओर से ट्रैफिक रोक दिया।
इससे एमजी रोड पर लंबा जाम लग गया। गरीब सेना के बैनर तक पहुंचे इन प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि एमजी रोड को छोड़कर उन्हें शहर के अन्य क्षेत्रों में ई-रिक्शा चलाने की अनुमति दी जाए। परिवहन विभाग में रजिस्ट्रेशन न होने के कारण इनके ई-रिक्शा पिछले दिनों पुलिस ने बंद कर दिए थे। बाद में इन्हें छोड़ तो दिया लेकिन संचालन पर रोक लगा दी गई।