मैनपुरी। भोगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार को निर्माणाधीन हाइवे के पास डंपर में ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का करंट प्रवाहित हो गया। करंट लगने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिजली बंद कराकर शव को बाहर निकाला। हादसे के सूचना मृतक के परिजनों को दी।
मध्य प्रदेश के थाना शिवपुरी क्षेत्र के गांव डवारा दिनारा निवासी राजेश यादव (35) पुत्र दयाराम डंपर चालक था। शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे वह पास के ही गांव से डंपर में मौरंग भरकर जा रहा था। डंपर जब निर्माणाधीन हाइवे के पास गांव मायाचंदपुर के पास पहुंचा, तभी डंपर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
करंट तेजी के साथ डंपर में प्रवाहित हो गया। इसकी चपेट में आकर राजेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक रविंद्र बहादुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। लाइन को कटवाने के बाद केबिन से डंपर चालक का शव निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस द्वारा चालक के परिजनों को सूचना दी गई।