कासगंज। सहालग शुरू होते ही बसों व ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। रविवार को भी बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की काफी भीड़ दिखी। बसों में सीट पाने के लिए यात्री जुगत लगाते देखे गए। वहीं काफी संख्या में यात्री अपने गंतव्य पर पहुंचने के लिए बसों का इंतजार करते नजर आए।
देवोत्थान एकादशी के साथ ही सहाल का दौर शुरू हो गया है। सहालग आरंभ होते ही लोगों की भीड़ शादी-विवाह में अपनी रिश्तेदारियों में जाने के लिए बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर दिखाई दे रही है। गंतव्य स्थान के लिए यात्री बस स्टैंड पर बसों का इंतजार करते दिख रहे हैं तो रेलवे स्टेशन पर भी ट्रेन में सीट पाने की जद्दोजहद में जुटे हुए हैं।
रविवार को बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर यही नजारा दिखाई दिया। बस स्टैंड पर सुबह से ही यात्रियों की काफी भीड़ थी। इसमें दिल्ली, नोएडा, अलीगढ़, मथुरा व बरेली की ओर जाने वाली सवारियों की संख्या काफी अधिक रही। यात्री अपने गंतव्य स्थानों पर जाने के लिए बसों का इंतजार करते रहे। बस के आते ही उसमें अंदर घुसने व सीट पाने के लिए यात्रियों में काफी जल्दी रही। इस चक्कर में कई बार यात्रियों की आपस में बहस व कहासुनी भी हुई। बस के अंदर घुसने के बाद भी काफी यात्रियों को सीट नहीं मिल सकी, उन्हें खड़े-खड़े ही सफर करना पड़ा। रेलों की भी कमोबेश यही स्थिति रही।
- बदायूं जाना है, करीब एक घंटे से अधिक समय बस का इंतजार करते हुए हो गया है लेकिन अभी तक बस नहीं आ सकी है। - महेश, बदायूं
- बदायूं जाने वाली बस को आए हुए करीब डेढ़ घंटे से अधिक हो गया। एक बस आई भी तो उसमें पहले से इतनी भीड़ थी कि उसमें अंदर ही नहीं घुस पाए। - जहूर खान, बदायूं
- शादी में शामिल होने के लिए बरेली जाना है लेकिन बस नहीं मिल रही है। एक बस आई तो उसमें पहले से भीड़ थी और फिर यहां से यात्री उसमें घुसे तो कुछ ही उसमें जा सके, बाकी अभी भी इंतजार कर रहे हैं। - कौशलेंद्र, बरेली
- मथुरा में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जाना है लेकिन जो भी बस आ रही है, उसमें काफी भीड़ है। बस में अंदर ही नहीं जा पा रहे हैं। - विनोद, कासगंज