रविवार को सिविल एन्क्लेव का प्रस्तावित शिलान्यास टाल दिया गया है। प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक और केंद्रीय नगर विमानन मंत्री इस शिलान्यास कार्यक्रम में आमंत्रित किए गए थे, लेकिन अब सिविल एन्क्लेव का शिलान्यास मार्च में ही संभव हो पाएगा।
धनौली में प्रस्तावित नए सिविल एन्क्लेव का शिलान्यास रविवार को प्रस्तावित था, लेकिन यह फिलहाल टाल दिया गया है। एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया ने सुप्रीम कोर्ट में नए सिविल एन्क्लेव के निर्माण के लिए याचिका दायर की थी, जिसमें खंडपीठ ने साफ कहा कि आगरा एयरपोर्ट में नए सिविल एन्क्लेव के निर्माण का ताजमहल पर क्या असर पड़ेगा, इसकी कोई रिपोर्ट नहीं है।
पहले पर्यावरण मंत्रालय, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड चार सप्ताह में इसका प्रभाव जांचने के लिए परीक्षण कराए। इस रिपोर्ट को चार सप्ताह में कोर्ट में दाखिल करना होगा। एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया की निदेशक कुसुम दास ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ही शिलान्यास का कार्यक्रम किया जाएगा।
बता दें कि 22 मार्च, 2018 के आदेश के आधार पर एयरपोर्ट अथारिटी ने सिविल एन्क्लेव के लिए अनुमति मांगने को आईए नंबर 160194/2018 दायर की थी।